
- पुलिस ने आरोपित मुन्ना खान और मोहसिन खान के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है।
कर्बला दरगाह के आसपास पेड़ों की कटाई-छंटाई करने पहुंचे निगमकर्मियों के साथ स्थानीय लोगों ने मारपीट की। निगमकर्मियों की शिकायत पर जूनी इंदौर पुलिस ने आरोपित मुन्ना खान और मोहसिन खान के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है।
घटना मंगलवार शाम करीब 7.15 बजे की है। कर्बला कमेटी ने निगम से दरगाह के आसपास पेड़ों की कटाई-छंटाई की मांग की थी। निगम के उद्यान विभाग की टीम मंगलवार शाम वहां पहुंची। इसमें महेश पटेल, संदीप राठौर, पंकज दुबे और ड्राइवर हुकम बागोरा शामिल थे। राठौर ने बताया कि स्थानीय लोगों ने कहा कि दरगाह के गेट पर बोर का पेड़ परेशानी खड़ी करता है।
इस पर हमने बोर के छोटे पेड़ को भी हटा दिया। इस बीच मुन्ना खान नामक व्यक्ति विवाद करने लगा। थोड़ी देर में मुन्ना का बेटा मोहसिन खान भी पहुंच गया और निगमकर्मियों के साथ मारपीट करने लगा। निगमकर्मी महेश पटेल को चोट आई है। सूचना मिलने पर भाजपा नगर उपाध्यक्ष एकलव्य गौड़ भी मौके पर पहुंच गए।
एक दिन पहले ही हुई थी मारपीट
रविवार देर रात भी सरवटे बस स्टैंड क्षेत्र में मेडिकल कालेज के विद्यार्थियों ने निगम के सफाईकर्मियों के साथ मारपीट की थी। निगमकर्मियों ने मेडिकल विद्यार्थियों को सड़क पर कचरा फेंकने से रोका था। इस पर उन्होंने निगमकर्मियों की पिटाई कर दी।
निगमकर्मियों के साथ मारपीट की शिकायत आ रही है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। हम निगमकर्मियों का मनोबल गिरने नहीं देंगे। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। निगमकर्मी इंदौर के लिए दिनरात मेहनत करते हैं। उनके खिलाफ किसी तरह का दुर्व्यवहार सहन नहीं किया जाएगा। -पुष्यमित्र भार्गव, महापौर

