
निगमकर्मी की मौत होने पर स्वजन ने संबल योजना के तहत किया था आवेदन, दारोगा ने 80 हजार रुपये मांगे।
लोकायुक्त पुलिस ने इंदौर नगर निगम के दारोगा संदीप कुमार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। दरोगा पर संबल योजना में रिश्वत मांगने का आरोप है। लोकायुक्त पुलिस ने एक दिन पहले ही इंदौर कलेक्टर कार्यालय के बाहर नायब तहसीलदार के एवजी को रिश्वत लेते पकड़ा था।
डीएसपी प्रवीण सिंह के मुताबिक, निगमकर्मी की मौत हो जाने पर उसके स्वजन ने संबल योजना के तहत आवेदन प्रस्तुत किया था। इस योजना में परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। आवेदन की जांच दारोगा प्रदीप द्वारा की जा रही थी।
निगमकर्मी के परिवार को महीनों तक भटकाया
दारोगा ने पीड़ित परिवार को महीनों तक भटकाया। योजना में राशि स्वीकृत करवाने के बदले संदीप ने 80 हजार रुपये मांगे। शिकायत के बाद एसपी (लोकायुक्त) एसएस सराफ ने डीएसपी को जांच सोंपी। टीम को रिश्वत मांगने के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य मिले और केस दर्ज कर लिया।
