
घायल महिला को स्वजन अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां न डॉक्टर मिले न एंबुलेंस, दूसरी अस्पताल ले गए तब तक हो गई मौत।
देवगुराड़िया स्थित पेट्रोल पंप से काम के बाद घर जा रही 24 वर्षीय पूजा ठाकुर निवासी मूसाखेड़ी को रविवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उसे इलाज के लिए पत्थर मुंडला स्थित सेंट फ्रांसिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन यहां डाक्टर उपलब्ध नहीं होने के कारण उसकी मौत हो गई।
स्वजन ने बताया कि दोपहर तीन बजे टक्कर मारकर अज्ञात वाहन ने घायल कर दिया था। इसके बाद नजदीकी अस्पताल होने के कारण हम सेंट फ्रांसिस में इलाज के लिए लेकर गए, लेकिन हमें यहां कोई डाक्टर ही नहीं मिला। हम प्रबंधन को कहते रहे कि किसी डाक्टर को बुला दो तो कहने लगे कि कहीं और लेकर चले जाओ।
अस्पताल में एंबुलें सभी नहीं थी
स्वजन ने बताया कि अस्पताल में एंबुलेंस भी उपलब्ध नहीं थी। हम एक घंटे तक वहां एंबुलेंस का इंतजार करते रहे। इसके बाद अन्य अस्पताल से एंबुलेंस बुलवाकर विजय नगर स्थित निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित किया। यदि अस्पताल में समय पर डाक्टर और एंबुलेंस मिल जाती तो पूजा की जान बच जाती। इस मामले में हम स्वास्थ्य विभाग में अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई को लेकर शिकायत करेंगे।
