
- नेता का आरोप, उनके और उनकी मां के साथ मारपीट की, पड़ोसी के भतीजे ने गोली भी चलाई।
जनसंघ से जुड़े इंदौर के नेता अजय उर्फ मुनमुन मिश्रा पर गुरुवार दोपहर पड़ोसी सुशील यादव ने हमला कर दिया। मिश्रा ने गोली चलाने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने घटना के बाद गुंडों से परेशान होकर मकान बेचने का बोर्ड भी लगाया है। एमआइजी थाना पुलिस ने मिश्रा पर भी मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है।
घटना गुरुवार दोपहर एलआइजी की है। 60 वर्षीय अजय मिश्रा ने सुशील यादव, सुधीर यादव के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। मिश्रा पार्षद का निर्दलीय चुनाव भी लड़ चुके हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सुशील के साथ उसका भाई सुधीर, भतीजा चीकू यादव सहित कई गुंडे थे। उनके हाथ में पिस्टल और रिवाल्वर भी थी। मिश्रा और उनकी मां पुष्पा के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। चीकू ने गोली भी चलाई। पुलिस ने नेताओं के दबाव में साधारण मारपीट का केस दर्ज किया। टीआइ पंकज द्विवेदी के मुताबिक, मिश्रा और यादव में पुराना झगड़ा है। पहले दीवार में कील ठोंकने पर झगड़ा हुआ था। गोली चलाने का आरोप झूठा है।
