
मामले को लेकर ब्राह्मण समाज ने तिलक नगर थाने के एसआइ सुरेंद्र सिंह को सहआरोपित बनाने की मांग की।
चोरी की शंका में महिला की पिटाई करने के मामले में टीआइ आफताब खान को डीसीपी ने जांच से हटा दिया है। अब परदेशीपुरा टीआइ पंकज द्विवेदी जांच करेंगे। ब्राह्मण समाज ने तिलक नगर थाने के एसआइ सुरेंद्रसिंह को सहआरोपित बनाने की मांग की है।
महावीर मार्ग धार निवासी रचना शर्मा के साथ हुई मारपीट के मामले में अभी तक दो आरक्षकों को ही आरोपित बनाया है। रचना के पति सुनील शर्मा द्वारा चोरी की रिपोर्ट लिखवाई गई थी। एसआइ सुरेंद्र शक के आधार पर रचना को बार बार थाने बुला रहे थे। 2 जुलाई को सुरेंद्र ने ही बुला कर सख्ती की थी। अफसरों ने सुरेंद्र को बचा लिया।
आरोपितों पर कार्रवाई की मांग
रोजनामचा में लिखी रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद जोन-2 के डीसीपी अभिषेक आनंद ने टीआइ आफताब से जांच लेकर परदेशीपुरा टीआइ द्विवेदी को सौंप दी। शुक्रवार को जिला सर्व ब्राह्मण समाज (धार) ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप कर एसआइ व अन्य अधिकारियों को सहआरोपित बनाने और उन पर कार्रवाई करने की मांग की।
