
इंदौर के एमआइजी थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में तीन मंजिला इमारत में चल रहा था जुआ, बैंककर्मी-अफसर गिरफ्तार।
इंदौर क्राइम ब्रांच ने शनिवार को एमआइजी थाना क्षेत्र स्थित नेहरू नगर की तीन मंजिला इमारत में छापा मारा। यहां इमारत के ऊपर पेंट हाउस में जुआ चल रहा था। कार्रवाई के दौरान एक आरोपित भागा तो क्राइम ब्रांच के अधिकारी उसके पीछे लगभग 30 फीट ऊपर चढ़ गए। आरोपित तब तक छत से कूदकर भाग निकला। आरोपित ने रुपये और ताश की गड्डियां पानी की टंकी में छिपा दी थी, जिसे क्राइम ब्रांच ने जब्त कर लिया। पकड़े गए आरोपित बैंक और बीमा कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी हैं। आरोपितों को एमआइजी थाना के सुपुर्द किया गया है।
डीसीपी निमिष अग्रवाल ने बताया कि क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि एमआइजी इलाके के नेहरू नगर गली नंबर 9 में किसी बहुमंजिला इमारत पर जुए का अड्डा चल रहा है। क्राइम ब्रांच की टीम ने सादे कपड़ों में छापा मार दिया। टीम यह देखकर दंग रह गई कि सैकड़ों की तादाद में ताश की गड्डियां थी। दो लैपटॉप, कई मोबाइल और रुपये का लेनदेन जारी था।
एक आरोपित 30 फीट चढ़ाव चढ़कर भाग निकला
क्राइम ब्रांच ने जैसे ही तीसरी मंजिल पर चढ़कर दरवाजा बजाया एक आरोपित छत से होते हुए भाग निकला। उसके पीछे क्राइम ब्रांच के अधिकारी भागे, लेकिन 30 फीट चढ़ाव चढ़कर आरोपित छलांग मारकर भाग गया।
