
पुलिस ने आरोपित नौकर को गिरफ्तार किया, स्टाक मिलाने पर पकड़ा गया, जेवर भी जब्त किए, पुलिस कर रही पूछताछ।
सराफा स्थित एक जौहरी की दुकान से लाखों रुपये के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने जौहरी की शिकायत पर उनके नौकर के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया। आरोपित नौकर दो साल से काम कर रहा था। वह धीरे-धीरे सामान चुराकर ले जाता था।
सराफा पुलिस के मुताबिक, घटना बड़ा सराफा स्थित नवकार ज्वेलर्स की है। पुलिस ने फरियादी संजीव पुत्र रमणालाल नीमा निवासी कालानी नगर की शिकायत पर आरोपित प्रियांशु उर्फ छोटी उर्फ सन्नी पाल के खिलाफ केस दर्ज किया है। संजीव के मुताबिक, उनका चांदी का बड़ा कामकाज है। आरोपित को करीब दो साल पूर्व नौकरी पर रखा था। उस पर विश्वास करने लगे थे। इसी का फायदा उठाकर सन्नी चांदी के करधोना, पायल व अन्य सामान चुराने लगा।
स्टाक मिलाया तो कम निकला
करीब एक महीने पूर्व उसने दुकान पर आना कम कर दिया तो उस पर शक होने लगा। आभूषणों का स्टाक मिलाया जो कम निकला। सन्नी से पूछताछ की तो वह बहाने बनाने लगा। मामले में मंगलवार को थाना में शिकायत की और चोरी का अपराध पंजीबद्ध करवाया। गुरुवार को पुलिस ने सन्नी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित से एक किलो 800 ग्राम वजनी चांदी के आभूषण बरामद हो गए हैं।
कारीगरों से बनवाते हैं आभूषण
सराफा कारोबारियों को बंगाली कारीगरों से ही आभूषण बनवाने पड़ते हैं। पश्चिम बंगाल से आए कारीगर छोटा सराफा, बड़ा सराफा, धानगली, मोरसली गली में कांप्लेक्स में काम करते हैं। विश्वास होने पर कारोबारी लाखों रुपये कीमती सोना कारीगरों के पास ही छोड़ देते हैं। कारीगर के मन में लालच उत्पन्न होता है और सोना लेकर फरार हो जाते हैं।
नौकर और बंगाली कारीगर लगा रहे कारोबारी को चपत
सराफा बाजार में चोरी और हेराफेरी की घटनाएं होती रहती हैं। ज्यादातर घटनाओं में सराफा में काम करने वाले कारीगर और नौकर ही शामिल हैं। कारीगर मूलत:पश्चिम बंगाल के है। घटना के बाद पश्चिम बंगाल भाग जाते हैं। पुलिस भी उन तक नहीं पहुंच पाती।

