
महूनाका पर चाकू मारकर मंगलसूत्र लूटने वाले दो बदमाश रिमांड पर, अन्य घटनाओं के संबंध में हो रही पूछताछ, तीसरा आरोपित फरार।
इंदौर के उषानगर (मेन) निवासी पूर्णिमा वैद्य और माधुरी गुप्ता से मंगलसूत्र लूटने वाले दोनों आरोपित अभिषेक पंवार और आशीष पांडे को अन्नपूर्णा पुलिस ने रिमांड पर लिया है। मुख्य आरोपित लक्की बौरासी अभी तक फरार है। आरोपित ड्रग्स का नशा करते हैं। सुबह पांच बजे से महिलाओं की रेकी कर रहे थे।
डीसीपी जोन-4 आरके सिंह के मुताबिक, माधुरी और पूर्णिमा द्वारा मंगलसूत्र नहीं छोड़ने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया था। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वे शराब, गांजा और ड्रग्स का नशा करते हैं। आशीष पर चार और अभिषेक पर सात अपराध पहले से पंजीबद्ध हैं। उन्होंने रात में ड्रग्स का नशा कर लिया था। सुबह पांच बजे ही लूटने के इरादे से निकल गए थे।
तीसरा बदमाश घर से फरार,स्वजन बोले- रातभर घर से गायब था
बदमाशों ने पहले भंवरकुआं क्षेत्र में सैर करने वाली महिलाओं को देखा। बाद में लालबाग और चाणक्यपुरी चौराहे आ गए। यहां माधुरी और पूर्णिमा दिख गई। तीनों बदमाश मौका तलाशने लगे। जैसी सचिदानंद नगर के समीप पहुंची, एक आरोपित ने माधुरी की चोटी पकड़ ली। दूसरे ने पूर्णिमा के हाथ पर चाकू मारा। बदमाश मंगलसूत्र के टुकड़े लेकर लक्की के साथ भाग गए। पुलिस लक्की के घर पहुंची तो घरवालों ने बताया कि वह नशा करता है। रातभर से घर से गायब था। उसका फोन भी बंद आ रहा है। टीआइ गोपाल परमार के मुताबिक, दोनों बदमाशों को रिमांड पर लिया है।उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
