
जूनी इंदौर पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। ये गाड़ियां चुराकर उनसे लूट की वारदात करता था। रविवार को जूनी इंदौर और भंवरकुआं इलाके में इसने सिलसिलेवार 3 लूट करना कबूला है। जूनी इंदौर में महिला से चेन लूटी फिर एक महिला से आईफोन लूटा। बाद में भंवरकुआं में एक युवक से मोबाइल लूटा। करीब 250 कैमरे चेक करने के बाद लुटेरा पकड़ में आया है। एडि. डीसीपी आनंद यादव ने बताया, बदमाश का नाम माधव उर्फ महादेव बोराड़े (27) निवासी हवा बंगला है। इस पर अलग-अलग थानों में लूट, चोरी और डकैती के 18 केस दर्ज हैं।
आरोपी ने रविवार दोपहर 4 बजे खातीवाला टैंक में गाड़ी से उतरकर अपने घर जा रही महिला सुमन (75) पति रमेशचंद रावल के गले से डेढ़ लाख कीमत की चेन लूट ली। शाम 7 बजे पटेल नगर में मतलानी गार्डन के पास हीरा (33) पति हेमंत मनवानी निवासी शांति बसेरा, लिंबोदी से आईफोन लूट लिया। इसके बाद रात 8 बजे भंवरकुआं में एक युवक से उसका मोबाइल झपट लिया। आरोपी से लूट का सारा सामान व बाइक जब्त कर ली गई है।
जमानत निरस्ती का आवेदन दिया
टीआई अनिल गुप्ता ने बताया कि बदमाश पर द्वारकापुरी पुलिस प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उसे बाउंड ओवर कर चुकी है। बावजूद इसके फिर सिलसिलेवार वारदातें करने लगा है। इसकी जमानत निरस्ती के लिए भी प्रक्रिया की गई है। इसे रिमांड पर लेकर चोरी की अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
