
- संभागायुक्त ने राजस्व न्यायालयों में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा। सभी बकायादारों को नोटिस देने के निर्देश।
इंदौर। संभागायुक्त दीपक सिंह ने राजस्व न्यायालयों में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरण का समय सीमा में निराकृत किया जाए। डायवर्शन राशि के सभी बकायादारों को नोटिस तामील कराए जाएंगे। वहीं डायवर्शन की बकाया राशि जमा नहीं करने वालों की संपत्ति कुर्क की जाए। बकायादारों को समय पर राशि जमा करने की सूचना मोबाइल पर देने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर कार्यालय में राजस्व न्यायालयों में दर्ज प्रकरणों की समीक्षा बैठक संभागायुक्त दीपक सिंह की अध्यक्षता में हुई। सिंह ने राजस्व न्यायालयवार प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाई जाए। डायवर्शन राशि के सभी बकायादारों को नोटिस तामील हो, यह सुनिश्चित किया जाए। बकायादारों को मोबाइल पर लगातार एसएमएस पर सूचना मिलती रहे।
निराकरण में तेजी लाने के निर्देश
संभागायुक्त ने नक्शा तरमीम, समग्र ई-केवायसी, नामांतरण और बंटवारे के प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह, अपर कलेक्टर सपना लोवंशी, रोशन राय, राजेन्द्र रघुवंशी, निशा डामोर सहित सभी एसडीएम मौजूद थे।
