
- पहली बार पदाधिकारियों से पहले कार्यकारिणी सदस्यों के निर्वाचन की हुई घोषणा।
- हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में इस बार मतदाताओं, प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच जबरदस्त उत्साह नजर आया।
- बुधवार रात परिणाम घोषित होने के बाद देर तक हाई कोर्ट परिसर में ढोलताशों के गूंज गूंजती रही।
- विजेताओं के स्वागत के लिए अभिभाषकों के बीच होड़ सी नजर आई।
इंदौर। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में इस बार मतदाताओं, प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के बीच जबरदस्त उत्साह नजर आया। बुधवार रात परिणाम घोषित होने के बाद देर तक हाई कोर्ट परिसर में ढोलताशों के गूंज गूंजती रही। विजेताओं के स्वागत के लिए अभिभाषकों के बीच होड़ सी नजर आई।
अध्यक्ष पद पर रितेश इनानी ने जीत दर्ज की। वे इसके पूर्व में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रह चुके हैं और अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ चुके हैं। उनके सामने एडवोकेट अमरसिंह राठौर और पवन कुमार जोशी मैदान में थे। अमरसिंह राठौर को जहां वरिष्ठ अभिभाषकों के समर्थन प्राप्त होने का विश्वास था, वहीं रितेश युवा मतदाताओं के भरोसे थे।
इन दोनों के बीच पवन कुमार जोशी को अपनी सहजता और सुलभता पर विश्वास था। हालांकि राठौर और जोशी दोनों ही सफलता हासिल नहीं कर सके। हर बार मतगणना के परिणाम घोषित होते-होते सुबह हो जाती थी लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। यह पहला मौका भी था जब निर्वाचित पदाधिकारियों के नामों से पहले निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों के नाम की घोषणा कर दी गई।
पहले भी हो चुका है मुकाबला
अमरसिंह राठौर और रितेश इनानी के बीच इसके पहले भी मुकाबले हो चुके हैं। एक करीबी मुकाबले में तो हारजीत सिर्फ एक वोट की हुई थी।
इस वजह से भी रही धूम
इस बार हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में पिछले चुनाव के मुकाबले ज्यादा धूम रही। अभिभाषक इसके पीछे कई वजह बता रहे हैं। उनका कहना है कि 12 नवंबर को यानी दस दिन पहले ही दीपावली का पर्व था, 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान था और 19 नवंबर को ही भारत और आस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट विश्वकप का फाइनल मुकाबला था। यानी फिलहाल तो इंदौर में उत्सवी माहौल है। यही वजह थी कि बुधवार को अभिभाषकों ने हाई कोर्ट परिसर में जमकर उत्सव मनाया।

