
पांचवें दिन भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है आरोपित। हरदा और वड़ोदरा गई पुलिस टीमें भी खाली हाथ लौटी।
इंदौर। दोहरे हत्याकांड के आरोपित पुलिन धामंदे का पांचवें दिन शनिवार को भी कोई पता नहीं चला। हरदा-वड़ोदरा गई टीमें खाली हाथ लौट आईं। जोन-3 के डीसीपी पंकज पांडे ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।वसुधैव कुटुंबकम (संवाद नगर) निवासी 76 वर्षीय कमल किशोर (केके) धामंदे और खातीवाला टैंक निवासी उनकी बेटी रमा की पुलिन ने मूसली से हत्या कर दी थी। मनोरोगी पुलिन काफी शातिर है। वह पांच दिन से पुलिस को छका रहा है। फरारी के दौरान उसने सपना-संगीता क्षेत्र से रुपये निकाले और फरार हो गया। जांच के दौरान पता चला कि पुलिन पिता केके धामंदे के मोबाइल से सिम निकाल कर ले गया है। पुलिन के पास केके का एटीएम है। पुलिस व स्वजन के पास ओटीपी न पहुंचे, इसलिए उसने सिम निकाली थी।
आरोपित की तलाश में जुटी तीन टीमें
उधर, शुक्रवार को एक टीम वड़ोदरा (गुजरात) से भी खाली हाथ लौट आई है। पुलिन ने रेलवे स्टेशन के करीब एक एटीएम से दो बार रुपये निकाले थे। पुलिस के पास एटीएम के अलावा कोई सहारा नहीं है। पुलिन मोबाइल नहीं चलाता है। वह कई दिनों तक भूखा रह सकता है। सड़क और स्टेशन पर ही सो जाता है। डीसीपी के मुताबिक, तीन टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। सूचना देने पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।
