इंदौर शहर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में एडवाइजरी कंपनी के द्वारा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है जो शेयर ट्रेडिंग के डिमैट अकाउंट खुलवाकर फायदा दिलवाने के नाम पर धोखाधड़ी करते थे।
क्राइम ब्रांच एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार उनकी टीम ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच को हरियाणा के रहने वाले अनिल पिता सुरेंद्र कुमार सेठ ने शिकायती आवेदन दिया था कि उसके साथ शेयर ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। पुलिस ने शिकायत आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर को ट्रेस कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनके नाम अनिल पिता हरिप्रसाद भंडारी निवासी राजगढ़ उम्र 21 वर्षीय ,हरिओम उर्फ़ राजू पिता कालू नागर निवासी राजगढ़ उम्र 23 वर्षीय और तीसरा रोहित पिता दिनेश राजपूत निवासी सारंगपुर उम्र 23 वर्षीय है। गिरोह के चौथे सरगना विनोद की पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।
इस गिरोह द्वारा फरियादी को एल्गो सॉफ्टवेयर के जरिए फर्जी डिमेट अकाउंट खुलवाकर उससे कई बार रुपये डलवाये और फर्जी शेयर मार्केट में फायदा दिलवाने के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। पुलिस ने तीनों बदमाशों से 3 लाख की नगदी सहित 9 मोबाइल 22 सिम कार्ड एवं पांच बैंकों के एटीएम कार्ड बरामद किए वही जिस कार में वह घूम रहे थे उसे भी जप्त किया गया है।
