
- निर्वाचन के दौरान पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुनिश्चित रहे।
इंदौर। आगामी विधानसभा निर्वाचन-2023 के दौरान इंदौर जिले में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता तथा निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी द्वारा जिले के विभिन्न पम्पों को अधिग्रहण करने संबंधी आदेश जारी किये गये हैं। निर्वाचन के दौरान निर्वाचन कार्य में लगाए गए सेक्टर अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, मतदान दल को लाने ले जाने एवं अन्य निर्वाचन से संबंधित कार्यों में शासकीय एवं अधिग्रहित वाहनों में पीओएल व्यवस्था की जाना है, जिसमें निर्बाध रूप से पीओएल की व्यवस्था हो सके। इस हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जिले के 40 पम्पों का अधिग्रहण किया गया है। समस्त पम्प मालिकों/संचालकों को आदेशित किया गया है कि निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने तक प्रदाय योग्य पेट्रोल 2000 लीटर एवं डीजल 4000 लीटर का सुरक्षित रिजर्व स्टॉक रखेंगे तथा पेट्रोल-डीजल का प्रदाय उप जिला निर्वाचन अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार, अपर तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं नोडल अधिकारी द्वारा जारी पीओएल स्लिप के आधार पर करेंगे। पम्प संचालकों द्वारा पीओएल देने से इंकार किया जाता है तो संबंधितों के विरूद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
