समान नागरिक संहिता कानून को लेकर कई संगठन पूरे देश में समर्थन जुटा रहे हैं। इंदौर में हिंदू संस्कृति मंच ने बुधवार सुबह 9 से 9.30 बजे तक बड़ा गणपति चौराहा से एमजी रोड तक विशाल मानव श्रृंखला बनाई। साधु संत की मौजूदगी में हुए इस आयोजन के जरिए समान नागरिक संहिता को लेकर समर्थन जुटाया गया। सभी ने एक स्वर से एक देश, एक कानून, एक संविधान की बात की।समान नागरिक संहिता कानून के लिए देशभर में समर्थन जुटाया जा रहा है। इंदौर में हिंदू संस्कृति रक्षा मंच ने यूसीसी के समर्थन के लिए पहल की है। मंच द्वारा संत समाज की गौरवशाली उपस्थिति में मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। बड़ा गणपति चौराहा से एमजी रोड तक सुबह 9 से 9.30 बजे तक विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई। मानव श्रृंखला का यह कार्यक्रम भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और हिंदू संस्कृति रक्षा मंच के संयोजक अमरदीप मौर्य के नेतृत्व में हुआ। बड़ी संख्या में लोग यहां जुटे और समान नागरिक संहिता का समर्थन किया।
मानव श्रृंखला बनाने के पूर्व बड़ा गणपति चौराहा पर सुबह 8 बजे हिंदू संस्कृति रक्षा मंच से जुड़े कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और उन्होंने समान नागरिक संहिता को लेकर आम लोगों से समर्थन करने का आह्वान किया। मानव श्रृंखला में भाजपा के भी कई नेता, वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। हिंदू संस्कृति रक्षा मंच द्वारा एक देश एक विधान को लेकर केंद्र सरकार के यूसीसी लागू करने के प्रस्ताव के लिए समर्थन हासिल किया जा रहा है। इसी कड़ी में ये मानव श्रृंखला बनाई गई।
हिंदू संस्कृति रक्षा मंच द्वारा मानव श्रृंखला के अतिरिक्त अन्य कई आयोजन किए जा रहे हैं। यूसीसी को लेकर एक राय बनाने के लिए युवाओं, महिलाओं और प्रबुद्ध वर्ग को भी साथ जोड़ा जा रहा है। मंच इसके लिए अभियान चला रहा है जिसमें कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
