
दिल्ली के आश्रम फ्लाईओवर बंद होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जिस रास्ते को तय करने में कुछ मिनट ही लगते थे, फिलहाल उस रास्ते पर लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है. वीकेंड होने के बाबजूद आश्रम फ्लाईओवर पर गाड़ियों की लंबी क़तारें दिखाई दे रही हैं और वाहन रेंगते हुए नजर आ रहे है.
पिछले हफ्ते में जब से फ्लाईओवर बंद किया गया है, तब से यहां पीकआवर में और भी बुरा हाल हो गया है. दिल्ली के सबसे व्यस्त मार्ग माने जाने वाले और नोएडा को दिल्ली से जोड़ने वाले आश्रम फ्लाईओवर के बंद होने की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
सबसे ज्यादा परेशानी साउथ दिल्ली, साउथ ईस्ट दिल्ली और ईस्ट दिल्ली और नोएडा जाने वाले लोगों को हो रही है. इसका सीधा असर नोएडा को जोड़ने वाले दूसरे रास्तों पर भी दिखाई दे रहा है. कलिन्दीकुंज से नोएडा की तरफ जाने वाले रास्ते पर भी लोग घंटों जाम में फंसे दिखाई दे रहे हैं. हालांकि अभी 45 दिन के लिए इस फ्लाईओवर को बंद किया गया है, तो फिलहाल दिल्ली से नोएडा या नोएडा से दिल्ली आने वाले लोगों को इस जाम से मुक्ति मिलती दिखाई नही दे रही है.
