
रविवार रात तीन बजे लगी थी आग, सोमवार रात 8.20 बजे आग बुझाकर लौटी दमकर की आखिरी गाड़ी, लाखों के नुकसान की आशंका।
शहर के जीएनटी मार्केट में लकड़ी के पीठों में रविवार रात भीषण आग लग गई।आग पर काबू पाने के लिए छह लाख लीटर पानी डाला गया। आगजनी में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मशीन सहित लकड़ी के दरवाजे आदि जल कर खाक हो गए।
फायर कंट्रोल रूम के मुताबिक रविवार रात तीन बजे जीएनटी मार्केट स्थित गणेश टिंबर ट्रेडर्स में आग लगने की सूचना मिली थी। इस पर दमकल वहां भेजी गई। आग इतनी विकराल थी कि उसने देखते ही देखते आसपास के गोदाम को भी चपेट में ले लिया। तीन लोगों का माल यहां जला है, जिसमें कालू राम, मयंक और मयूर पटेल शामिल हैं। तीनों के यहां आरा मशीन, कटर मशीन, दरवाजे, रा मटेरियल आदि लाखों रुपये का माल आग में जल गया।आग पर काबू पाने के लिए फायर विभाग की तरफ से चार दमकल, चार पानी के टैंकर लगाए गए थे। नगर निगम के पानी के टैंकर अलग से लगे थे।
आग इतनी भीषण थी कि दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में सुबह हो गई। सुबह करीब 10.30 बजे आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन पूरी तरह से काबू पाने में दमकलकर्मियों को रात हो गई। आखिरी दमकल सोमवार को रात 8.20 बजे मौके से लौटी। घटना की सूचना मिलते ही एसपी आरएस निगवाल भी मौके पर पहुंच गए थे। भीषण आग को देखते हुए आसपास के गोदामों को खाली करवाया गया।

