लक्ष्मीबाई अनाज मंडी में 88 कट्टे गेहूं से भरी संदिग्ध गाड़ी पकड़ी, ऐरोड्रम थाने पहुंचाया वाहन

शहर में सरकारी राशन की संभावित कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को लक्ष्मीबाई अनाज मंडी क्षेत्र में 88 कट्टे गेहूं से भरी एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर ऐरोड्रम थाने पहुंचाया गया। मामले की सूचना मिलते ही MIC सदस्य मनीष शर्मा ‘मामा’ मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर वाहन को थाने में खड़ा कराया।
जानकारी के अनुसार, संदिग्ध वाहन की सूचना वीरेंद्र कुशवाहा एवं रोहित शर्मा द्वारा दी गई थी। सूचना मिलते ही मनीष शर्मा ‘मामा’ तत्काल मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में वाहन को ऐरोड्रम थाने ले जाया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग के अधिकारी मारू को भी तत्काल सूचना दी गई, ताकि वाहन में रखे गेहूं की जांच कर यह स्पष्ट किया जा सके कि यह सरकारी राशन का है या नहीं तथा इसका परिवहन नियमानुसार किया जा रहा था या नहीं।
फिलहाल पुलिस एवं खाद्य विभाग की टीम 88 कट्टे गेहूं की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि गेहूं कहां से लाया गया, किसके नाम पर परिवहन किया जा रहा था और उसका गंतव्य क्या था। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि कहीं इसका संबंध सरकारी राशन की कालाबाजारी से तो नहीं है।
इस संबंध में MIC सदस्य मनीष शर्मा ‘मामा’ ने कहा कि “गरीबों के हक के राशन की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।”
पुलिस और खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल संदिग्ध वाहन को पुलिस अभिरक्षा में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
