इंदौर जिले में लगभग 4 करोड रुपए मूल्य की शासकीय भूमि कराई गई अतिक्रमण मुक्त

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के अनुरूप इंदौर जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कनाडिया श्री दीपक चौहान के नेतृत्व में ग्राम खेमाना एवं चौहानखेड़ी की कांकड़ स्थित शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकर्ता श्री जीवन गोयल द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर लगभग 0.549 हेक्टेयर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 4 करोड़ रुपये है। राजस्व अमले की उपस्थिति में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न की गई। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा तथा राजस्व एवं पुलिस विभाग के समन्वित प्रयासों से कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी की गई।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान जिले में पूरी गंभीरता के साथ निरंतर जारी रहेगा। शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अथवा अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

