
तुकोगंज क्षेत्र में बिल्डर कमलेश अग्रवाल से 18 लाख के जेवर लूटने वाले बदमाशों ने फरारी के दौरान 24 नवंबर को दिल्ली के शक्ति नगर में फिर एक लूट की है। यहां भी बदमाश बाइक पर एक महिला का पीछा करते हुए आए और शक्ति नगर स्थित उनके घर में घुसे। फिर पिस्टल दिखाकर गहने उतरवाकर भाग निकले।
इस बार बदमाशों के साथ एक साथी और था। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई है। महज ढाई मिनट में बदमाश वारदात कर भाग निकले।गौरतलब है कि 11 नवंबर को दिल्ली के रहने वाले लुटेरों ने एक दिन पहले छोटी ग्वालटोली से बाइक चुराई। फिर विजय नगर इलाके में एक फाइनेंसर को कार में ही पिस्टल अड़ाकर सोने की चेन व अन्य जेवर लूटे।
इसके बाद बदमाश रातभर पांच थाना क्षेत्रों में वारदात के लिए घूमते रहे। तीन लोगों से लूट का प्रयास किया। 11 नवंबर की सुबह बिल्डर कमलेश, उनके बेटे, भतीजे व पड़ोसी को उन्हीं की बिल्डिंग की पार्किंग में चाकू व पिस्टल अड़ाकर 18 लाख के जेवर लूट लिए थे।
सागर पर 35, रोहित पर 30 केस
लुटेरों की तलाश में विजय नगर, तुकोगंज थाने की टीम और क्राइम ब्रांच दिल्ली में डेरा डाले थी। जब कुछ हाथ नहीं लगा तो दो टीमें इंदौर लौट आईं। 24 नवंबर को बदमाशों ने दिल्ली में जैसे ही महिला से लूट की, इंदौर की टीमें फिर दिल्ली रवाना हो गई हैं। जांच में यह साफ हो गया है कि सभी लूट दिल्ली का सागर उर्फ रिंकू गेंदालाल और रोहित कपूर ही कर रहे हैं। सागर पर 35 और रोहित पर 30 से ज्यादा केस दर्ज हैं। ये हाल ही में जेल से छूटे हैं।
ढाई मिनट में ऐसे लूटा महिला को
फरारी के दौरान बदमाशों ने 24 नवंबर की सुबह दिल्ली के शक्ति नगर में खरीदारी कर घर लौटी महिला का पीछा किया। जो फुटेज दिल्ली पुलिस को मिले हैं, उसमें वह दोपहर 12.48 बजे घर में प्रवेश करती है। तभी दो बदमाश हथियार लेकर घर में घुस जाते हैं। कुछ ही देर में तीसरा बदमाश हेलमेट लगाकर बाइक से आता है और वह भी उसी घर में घुस जाता है।
12.50 बजे तीनों जेवर लूटकर बाहर आते हैं। महिला पहली मंजिल से रहवासियों से मदद मांगती है। एक रहवासी बदमाशों के पास आता है, बदमाश उसे हथियार दिखाकर गोली मारने की धमकी देते हैं तो वह भाग जाता है।
एक्सपोर्ट कारोबारी के घर चोरी, बदमाशों के साफ फुटेज मिले
विजय नगर क्षेत्र में रहने वाले एक्सपोर्ट कारोबारी परिवार के साथ पुणे गए, इधर उनके घर चोरी हो गई। चोरों के फुटेज मिले हैं, उसी आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
टीआई चंद्रकांत पटेल के मुताबिक हनी पटेल निवासी स्कीम नंबर-74 की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है। हनी ने बताया कि 21 नवंबर को वे परिवार के साथ पुणे गए थे। 4 दिन बाद कर्मचारी का कॉल आया कि घर का ताला टूटा पड़ा है। मैं मंगलवार को इंदौर पहुंचा तो देखा चांदी के बर्तन, ज्वेलरी, घड़ियां, इमिटेशन ज्वेलरी सहित कैश गायब था। कैमरे में दो बदमाश साफ दिखे। पुलिस का कहना है आरोपियों को जल्द पकड़ लेंगे।
उधर , द्वारकापुरी की पार्श्वनाथ कॉलोनी में उत्कर्ष शर्मा सांवरिया सेठ गए थे। इधर, मंगलवार रात उन्हें चाचा का कॉल आया कि तुम्हारे घर चोरी हो गई है। देखा तो चोरों ने पूरे घर को तहसनहस कर रखा था, कैमरे और डीवीआर भी गायब थी। बाद में पता चला कि चोरों ने नजदीक ही रहने वाले चिराग नगाइच के यहां भी चोरी की है।
