
इंदौर पुलिस ने शुक्रवार रात सरप्राइज कॉम्बिंग गश्त की, जो रातभर जारी रही। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के सभी थाना क्षेत्रों में गुंडे, बदमाशों और असामाजिक तत्वों की निगरानी और धरपकड़ के लिए यह अभियान चलाया।
गश्त के दौरान 1015 बदमाशों की जांच की गई, जिनमें से 492 के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा 289 से अधिक मामलों में वारंट तामील कराए गए। इनमें 67 स्थायी, 84 गिरफ्तारी, 138 जमानती वारंट और 136 समन शामिल हैं।
शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कार्रवाई
गश्त के दौरान पुलिस ने देर रात वाहनों की भी चेकिंग की। शराब पीकर वाहन चलाने वाले लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 97 वाहन चालकों के खिलाफ 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण बनाए गए। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन कर लापरवाही से वाहन चलाने वाले 12 लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ 17 प्रकरण दर्ज किए गए। बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
देशी पिस्टल के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
गश्त के दौरान एरोड्रम पुलिस ने एक आरोपी को देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। अवैध हथियार रखने वालों पर एमआईजी पुलिस ने चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।
तिलक नगर पुलिस ने एक जिलाबदर आरोपी को जिलाबदर अवधि का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
203 गुंडे, 73 चाकूबाज और 37 हिस्ट्रीशीटर चेक किए गए
पुलिस ने गश्त के दौरान कुल 535 से अधिक बदमाशों की जांच की, जिनमें शामिल हैं:
203 आपराधिक प्रवृत्ति के बदमाश
61 नकबजन
31 लुटेरे
73 चाकूबाज
15 ड्रग पैडलर्स
37 हिस्ट्रीशीटर
37 निगरानीशुदा बदमाश
42 जिलाबदर / रासुका के तहत बंदी
9 महिला अपराधों में शामिल आरोपी
15 आगजनी व तोड़फोड़ में लिप्त अपराधी
