
नशे से दूरी अभियान को मुंह चिढ़ा रहे युवा
इंदौर। एक तरफ मध्य प्रदेश पुलिस “नशे से दूरी है जरूरी” जैसा अभियान चला रही है, दूसरी तरफ इंदौर के कुछ बिगड़े युवक पुलिस को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं। सांध्य दैनिक 6PM के हाथ एक सनसनीखेज वीडियो लगा है, जिसमें कार के भीतर बैठे युवक नशे और हथियारों के साथ मस्ती करते दिख रहे हैं। यह वीडियो न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि समाज में बढ़ते अपराधी मानसिकता के ट्रेंड को भी उजागर करता है।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कार में तेज़ गाने की धुन पर युवक झूम रहे हैं। उनमें से एक युवक गांजे के बीज निकालते हुए कैमरे में कैद हुआ है। और सबसे हैरानी की बात यह है कि अनूप चौधरी नामक युवक, जो जनता क्वाटर इंदौर का निवासी बताया जा रहा है, वह कार के अंदर ही पिस्टल लहराता हुआ दिख रहा है। यह सब एक सार्वजनिक स्थान पर फिल्माया गया है।
