
बाणगंगा थाना पुलिस ने एक विवाहित महिला की शिकायत पर उसके स्कूल के पुराने मित्र के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी और अश्लील संदेश भेजने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी करीब दो वर्षों से महिला को लगातार परेशान कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, 29 वर्षीय पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह स्कूल के समय से प्रभाकर पिता वीरेंद्र शर्मा को जानती है, लेकिन कई वर्षों से उसका कोई संपर्क नहीं था। लगभग दो साल पहले अचानक एक अनजान नंबर से महिला को संदेश आया, जिसमें लिखा था – “तुम पति को छोड़कर मेरे पास आ जाओ, नहीं तो उसे जान से मार दूंगा।” इसके बाद आरोपी ने उसे लगातार आपत्तिजनक और अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए।
महिला ने जब उस नंबर की जांच की तो पता चला कि वह प्रभाकर का है। पीड़िता ने नंबर को ब्लॉक कर दिया, लेकिन आरोपी ने दूसरा नंबर इस्तेमाल कर 20 अप्रैल से फिर से अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए। जब दोनों नंबर ब्लॉक हो गए, तो आरोपी ने एक तीसरे नंबर से कॉल कर पीड़िता के पति को जान से मारने की धमकी दी और उसके दोस्तों को भी फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
लगातार हो रही मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने पति को सारी जानकारी दी और फिर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी प्रभाकर के खिलाफ IPC की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
