
सवारी बनकर कार(टैक्सी) में बैठे तीन बदमाशों ने कार लूट ली। बदमाशों ने चालक की कनपटी पर पिस्टल अड़ाई और गोली मारने की धमकी दी। दो बदमाशों को पुलिस ने नाकाबंदी में पकड़ लिया। एक बदमाश कार से कूद कर फरार हो गया। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है।
इंदौर। रैपिडो एप से बुक की गई एक टैक्सी में सवार तीन बदमाशों ने चालक की कनपटी पर पिस्टल अड़ाकर कार लूट ली। वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से नाकाबंदी की और दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने लूटी गई कार को भी जब्त कर लिया है।
यह घटना सोमवार रात जूनी इंदौर और तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के बीच हुई। कार चालक रवि राठौर द्वारकापुरी निवासी जितेंद्र पटेल की कार चलाता है। उसने रात करीब 10 बजे रैपिडो एप से बुकिंग मिलने पर लोहामंडी से तीन सवारियां उठाईं। बुकिंग ‘दीपू’ नाम की आईडी से की गई थी।
जब कार नायता मुंडला (आरटीओ रोड) पहुंची, तो आरोपियों ने रवि को सुनसान इलाके में ले जाकर कार में ही पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दी। डरकर रवि ने चलती कार से छलांग लगा दी और किसी तरह खुद को बचाया। इसके बाद उसने डायल-100 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी शुरू कर दी और कनाड़िया थाना पुलिस ने लूटी गई कार (एमपी 09 डीपी 2657) को बिचौली मर्दाना के पास रोक लिया। पुलिस को देखकर एक बदमाश भाग निकला, जबकि दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों को तेजाजी नगर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
