
एमजी रोड पुलिस ने एक महिला वकील के साथ कोर्ट परिसर में छेड़छाड़ के मामले में केस दर्ज किया है। बताया जाता है कि आरोपी रोहित होलकर, महिला वकील का पूर्व परिचित था और उसे लगातार परेशान कर रहा था। महिला ने उसकी हरकतों से तंग आकर उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उसे कोर्ट परिसर तक जाकर परेशान करने लगा। महिला वकील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वह गुरुवार को कोर्ट नंबर 10 से अपनी टेबल की ओर जा रही थी, तभी आरोपी रोहित होलकर वहां पहुंचा और रास्ता रोककर उसका हाथ पकड़ लिया। उसने महिला से सवाल किया कि उसका नंबर क्यों ब्लॉक किया और फिर जबरदस्ती साथ चलने का दबाव डाला। इस दौरान उसने अश्लील भाषा का भी इस्तेमाल किया।
महिला वकील की आवाज सुनकर आसपास मौजूद साथी वकील मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। बाद में पीड़िता ने एमजी रोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
