
शहर में चोरियों की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। बदमाशों ने विजय नगर, कनाड़िया, राजेंद्र नगर और कोतवाली क्षेत्र में चोरियां की हैं। विजय नगर इलाके में रहने वाला एक परिवार नौकरी पर गया था तभी दिनदहाड़े चोर घुसे और हजारों का माल ले गए।
विजय नगर पुलिस ने अंशुल सिन्हा निवासी स्कीम-54 की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है। फरियादी ने बताया कि दो दिन पहले मैं और मेरे परिवार के सदस्य नौकरी पर चले गए थे। रात 9 बजे लौटे तो दरवाजा टूटा मिला। घर में 3 अलमारियां भी टूटी हुई मिलीं। सामान बिखरा पड़ा था। चोर सोने की 1 अंगूठी, हीरा जड़ित एक जोड़ टॉप्स, नकद 10 हजार रुपए, बाथरूम के नल की टोंटी और अन्य सामान चुरा ले गए।
कनाड़िया में वेंटिलेशन तोड़कर घुसे चोर
उधर , कनाड़िया स्थित रुचि लाइफ स्केप कॉलोनी में रहने वाले राजेश बाबू ने पुलिस को बताया कि मैं रात करीबन 10.30 बजे भोपाल से घर पहुंचा था। देखा छत का वेंटिलेशन टूटा हुआ था। पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था। बदमाश सोने का हार, चांदी के 6 सिक्के, सोने के टॉप्स और अन्य सामान चुरा ले गए।
1.50 लाख का माल चोरी
इसी तरह राजेंद्र नगर पुलिस ने निर्मला कौशल (38) निवासी तेजपुर गड़बड़ी की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है। कोई बदमाश फरियादी के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण व नकदी सहित 1.50 लाख रुपए का माल ले गया। इधर, तिलक नगर पुलिस को विष्णु दयाल शिवपुरे (65) निवासी तिलक नगर एक्सटेंशन ने बताया कि इलाके में खड़ी मेरी बोलेरो जीप कोई चुरा ले गया है।
ई-रिक्शा वाला ले भागा ऑर्डर के कपड़े – सेंट्रल कोतवाली क्षेत्र में ललित सोलंकी निवासी श्री रंग अपार्टमेंट थाना एमजी रोड की शिकायत पर अज्ञात ई-रिक्शा के चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना प्रकाश प्लाजा के पास की है। फरियादी ने बताया कि मैंने भाईजी टी शाहू दुकान से 225 टी-शर्ट व 11 हुडी 48699 रु. में खरीदी थी। सामान मुझे दुकान पर ले जाना था इसके लिए मैंने एक इलेक्ट्रिक ऑटो में कपड़े रखे। चालक से कहा की इसे मेरी दुकान सिख मोहल्ला पर लेकर चलना है फिर वह सामान लेकर भाग गया।
