
थर्टी फर्स्ट की रात नए साल का जश्न मनाएं, लेकिन संभलकर। हुड़दंगियों पर नजर रखने के लिए पुलिस के 2 हजार जवान पूरे शहर में तैनात रहेंगे। सिटी और आउटर एरिया में 50-50 विशेष चेकिंग पॉइंट बैरिकेडिंग कर लगाए जाएंगे। हर दो थानों के बीच एक फ्लाइंग स्क्वॉड टीम एसीपी रैंक के अफसर के साथ तैनात रहेगी। इनके साथ स्पेशल फोर्स तैनात होगा। किसी भी तरह की घटना से निपटने के लिए ये स्क्वॉड 2 से 3 मिनट में मौके पर पहुंच जाएगा।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने बताया, 200 से ज्यादा चाकूबाज, 1200 आदतन बदमाश और बीते साल में तोड़फोड़ व आगजनी करने वाले 100 से ज्यादा बदमाशों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए पहले ही जेल भेजा जा चुका है। थाना प्रभारियों को निर्देश हैं कि वे इलाके के 70 प्रतिशत बल के साथ फील्ड में मौजूद रहेंगे। आम जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
2 हजार जवान पूरे शहर में तैनात होंगे
35 थानों के टीआई 70 प्रतिशत बल के साथ फील्ड में रहेंगे
500 स्टॉपर्स और बैरिकेड्स चेकिंग पॉइंट पर
35 स्पॉट चिह्नित किए हैं हादसे रोकने
153 पब-बार, 15 ने एक दिन के लिए लाइसेंस लिया
जिले में 15 आवेदन थर्टी फर्स्ट के एक दिनी लाइसेंस के लिए आए हैं। सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे ने बताया, बिना लाइसेंस और रात साढ़े 11 बजे के बाद कहीं शराब परोसी गई तो कार्रवाई होगी। जिले में अभी 153 बार-पब हैं।
ड्रग पैडलर्स पर नजर, पब के बाहर तैनात रहेगा बल
सार्वजनिक स्थानों, मैदानों व होटलों में होने वाले आयोजनों को लेकर क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम को ड्रग पैडलर्स पर नजर रखने के लिए तैनात किया है। हर थाने की डायल-100 पूरे शहर में अपने-अपने इलाकों का मूवमेंट करेगी। चौराहों पर तैनात चेकिंग पॉइंट में ब्रीथ एनालाइजर से चेकिंग होगी।
पब, क्लब एंड रिसोर्ट व होटलों के बाहर पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रमुख चेकिंग पॉइंट पर 500 स्टॉपर्स और बैरिकेड्स लगाए जाएंगे। तीन सवारी, नशाखोरी कर वाहन चलाने और सड़कों पर हुड़दंगबाजी या बेतरतीब ढंग से पटाखे चलाने वालों को सीधे हवालात भेजेंगे।
खतरनाक स्पॉट पर लाइटिंग के साथ रेडियम रिफ्लेक्टर
ट्रैफिक पुलिस ने भी सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। हर बार शहर में जश्न मनाकर लौटने के दौरान जिन खतरनाक स्पॉट्स पर हादसे होते हैं, ऐसे 35 स्पॉट को चिह्नित करवाया है। ऐसे स्थानों पर लाइटिंग के साथ सुरक्षा के लिहाज से ट्रैफिक पॉइंट भी तैनात किए जाएंगे।
जो स्थान चिह्नित किए हैं, उनमें बायपास पर मांगलिया ओवर ब्रिज की सर्विस लेन का कट पॉइंट, मांगलिया ब्रिज के नीचे का कट पॉइंट, बिचौली मर्दाना, तेजाजी नगर, नेमावर रोड चौराहा, रालामंडल निर्माणाधीन ब्रिज कट पॉइंट, राऊ गोल चौराहा, पीथमपुर ब्रिज कट शामिल हैं। इसके अलावा रिंग रोड पर निरंजनपुर चौराहा, रोबोट चौराहा आदि हैं।
