
त्योहारों से पहले शहर में कई खाद्य सामग्री गंदगी में बन रही है तो किसी के पास लाइसेंस भी नहीं। जिला प्रशासन और खाद्य विभाग की जांच में इसी तरह के कुछ मामले गुरुवार को सामने आए। टीम ने मल्हारगंज के श्री केदारनाथ ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। यहां विक्रेता सचिन तलरेजा के पास खाद्य व्यवसाय का लाइसेंस नहीं मिला। परिसर में खाद्य पदार्थ घी, जो कि विभिन्न ब्रांड का था, बेचने के लिए रखा मिला। मौके से पारस घी, प्योराश्योर घी, श्रीधी घी, वाइटस्टार घी के 4 नमूने लिए गए। लाइसेंस न होने के कारण लाइसेंस लिए जाने तक के लिए व्यवसाय बंद कराया गया।एक अन्य कार्रवाई नमकीन क्लस्टर स्थित अंबिका नमकीन भंडार पर की गई। यहां निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में कई कमियां पाई गईं। रॉ मटेरियल स्टोरेज एरिया में गंदगी थी तो फूड हैंडलर्स का मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं पाया गया और परिसर का पेस्ट कंट्रोल का रिकॉर्ड भी नहीं मिला। परिसर में निर्माण किए जाने वाले नमकीन के पैकेट में लैबलिंग की भी गलतियां मिलीं। इस पर सेव के 4 सैंपल जांच में लिए। यहां से 361 किलोग्राम नमकीन जब्त किया गया। एक अन्य कार्रवाई में गौरी गोपाल डेयरी टॉवर चौराहा में दूध व दूध से बने उत्पादों के 5 सैंपल लिए गए।
जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे : कलेक्टर
अपर कलेक्टर गौरव बैनल को मिली शिकायत के आधार पर रणजीत किचन सुदामा नगर का भी निरीक्षण किया गया। मौके पर परिसर में गंदगी पाई गई। यहां जांच के 4 सैंपल लिए गए। भोजन निर्माण स्थल की परिस्थितियां भोजन निर्माण के लिए उपयुक्त न होने के कारण परिसर में भोजन निर्माण का काम सुधार होने तक तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन के दलों द्वारा लगातार चेकिंग की जा रही है। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
बस से जब्त मावे के 2 नमूने फेल- बैनल ने बताया कि पिछले दिनों यश ट्रैवल्स की एक बस से मावा जब्त किया था। यह मावा ग्वालियर से बिक्री के लिए आया था। तीन इमली बस स्टैंड पर इस बस की जांच करने पर बोरियों में मावा और मिठाई मिली थी। प्रारंभिक जांच में उक्त खाद्य पदार्थ मिलावटी और अमानक स्तर का दिखने पर 9 नमूने लिए थे। इनमें से 4 नमूनों की रिपोर्ट मिली है, जिसमें से मावे के 2 नमूने अमानक पाए गए हैं। अब आगे कार्रवाई की जा रही है।
बटर, पनीर और दूध के नमूने भी लिए
अमूल डेयरी प्राइवेट लिमिटेड विजय नगर का निरीक्षण कर पनीर और दूध का नमूना लिया है। उद्योग नगर मूसाखेड़ी स्थित मामाजी गृह उद्योग का निरीक्षण किया गया। मौके पर कन्फेक्शनरी निर्माण किया जाना पाया गया। जांच के लिए कन्फेक्शनरी के दो नमूने लिए। नैना कन्फेक्शनरी उद्योग नगर मूसाखेड़ी से कन्फेक्शनरी के तीन नमूने लिए। एक अन्य दल द्वारा ग्राम धुलेट नेमावर रोड इंदौर स्थित अग्नि फूड प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण कर घी, बटर के 4 नमूने लिए गए।
