
भोपाल में एमडी ड्रग्स बनाने का बड़ा जखीरा मिलने के बाद इंदौर में उद्योगों की जांच का अभियान तीसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। पहले दिन राऊ में तो दूसरे दिन सांवेर रोड इंडस्ट्रियल एरिया में जांच के बाद तीसरे दिन एसडीएम गोपाल वर्मा के साथ टीम ने खुड़ैल क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्रों का निरीक्षण किया। 7 फैक्टरियों की जांच में किसी तरह की अनियमितता नहीं मिली। जांच टीम में ड्रग इंस्पेक्टर अलकेश यादव, प्रबंधक जिला व्यापार व उद्योग केंद्र मोनिका मालवीय मौजूद थे। आइका फार्मा जामनिया खुर्द, नूरानी होम्यो रिसर्च लैब सनावदिया, मेडविन फार्माटेक गजानंद इंडस्ट्रियल पार्क असरावद, हिमालय पेंट्स गजानंद इंडस्ट्रियल पार्क असरावद बुजुर्ग, रावत सॉप्स एंड केमिकल्स काजी पलासिया व कलिंगा केमप्लास्ट देवगुराड़िया की जांच की गई।
एक अन्य दल ने लसूड़िया क्षेत्र में एसडीएम कनाड़िया आरएम त्रिपाठी, एसीपी विजयनगर आदित्य पटेल के साथ जांच की। यहां साइमर फार्मा, वेलिस फार्मास्युटीकल्स, थेमिस मेडिकोस, फार्मा एशिया ड्रग्स की जांच की गई। इन सभी औद्योगिक इकाइयों में नारकोटिक्स से संबंधित उत्पाद नहीं पाया गया।
