
इंदौर के सराफा इलाके में पिछले महीने हुई चोरियों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने ऐसा चोर पकड़ा है जो अपनी बहन के पड़ोसियों के घरों को निशाना बनाने घुसा था। बदमाश ने पहले से कई चाबियां रखी थीं, उन्हीं से फ्लैट के ताले खोलता था। सराफा टीआई एसएस रघुवंशी के अनुसार बदमाश का नाम बुरहानुद्दीन (27) पिता काईद जौहर निवासी 44/1 दौलतगंज थाना कोतवाली क्षेत्र है। पुलिस को 18 सितंबर को हुई चोरी के मामले में एक शिकायत प्राप्त हुई थी। इसके बाद इलाके के आसपास के कैमरे खंगाले। रविवार रात बदमाश को पकड़ लिया गया। बदमाश ने चोरी का माल सराफा के ओम ज्वेलर्स पर काम करने वाले सोनू व इस्माईल ज्वेलर्स के वसीम को दिया। पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है। साथ ही आरोपियों से चोरी का खरीदा गया माल, नकद रुपए और सोने के कुछ आभूषण बरामद किए हैं।
