
जूनी इंदौर पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर उसके पूर्व प्रेमी के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दूसरी युवती से शादी करने के बाद आरोपी अपनी प्रेमिका को ढूंढ कर टैटू रिकवर कराने के लिए टैटू शॉप पर ले गया। यहां आरोपी ने पीड़िता से मारपीट की। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 18 साल की युवती की शिकायत पर आयुष कंडारे के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। युवती ने बताया कि वह पढ़ाई करने के साथ जाॅब करती है। दो साल पहले रेडीमेड शोरूम पर काम करने के दौरान आयुष से मुलाकात हुई थी। दोनों में बातचीत होने लगी। आयुष ने युवती के सामने प्यार का इजहार किया। कहा कि शादी तुमसे ही करूंगा। उसने युवती की मर्जी के खिलाफ सीने पर उसके नाम का टैटू भी बनवा लिया। । बाद में आयुष के बारे में पता चला कि वह किसी और लड़की से संपर्क में है। इस पर पीड़िता ने उससे दूरी बना ली। बाद में उसने दूसरी लड़की से शादी भी कर ली।
इस बात को काफी समय हो गया। बुधवार दोपहर पीड़िता बीके सिंधी कॉलोनी इलाके से जा रही थी। तभी आयुष अपनी स्कूटर से वहां पहुंचा। रास्ता रोका और कहा कि उसके सीने पर बना टैटू रिकवर करवाए। इस दौरान उसने अपशब्द भी कहे। फिर मारपीट की। जबरन स्कूटर पर बैठाकर टैटू की दुकान पर ले गया। यहां भी मारपीट करते हुए कहा कि टैटू रिकवर नहीं कराया तो जान से खत्म कर दूंगा। यहां से उससे बचकर घर पहुंची और मां को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद मां के साथ थाने आकर केस दर्ज कराया।
