
इंदौर के पलासिया में रहने वाली एक छात्रा ने अपनी ही बिल्डिंग में रहने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया है। आरोपी पिछले चार माह से कमेंट्स कर रहा था। आरोपी ने मंगलवार को छात्रा को बिल्डिंग के रास्ते में रोका और उसका हाथ पकड़कर बेड टच किया। पलासिया पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना पद्मावती कॉलोनी की है। यहां पर रहने वाले सुनील मेहना के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि रात को करीब 8 बजे के लगभग वह अपार्टमेंट की सीढ़ियों से नीचे उतर रही थी।
तभी आरोपी सुनील आया और बेड टच करते हुए हाथ पकड़ लिया। इसके बाद हाथ छुड़ाने की कोशिश की तो जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता से कहा कि तुम घर पर अकेली हो तो घर आउंगा। पीड़िता ने बताया कि वह अपना हाथ सुनील से छुड़ाकर फ्लैट में चली गई।
पीड़ित छात्रा ने बताया कि चार माह से आरोपी उसके साथ हरकत कर रहा है। इसके पहले उसने कोचिंग जाने के दौरान पीछा किया। वहां भी कमेंट्स करते हुए होटल जाने के लिये दबाव बनाने लगा। तब भी परिवार को डर के चलते बात नहीं बताई। बाद में पिता को मोबाइल कर जानकारी देने के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
