
नई दिल्ली। हथनी कुंड बैराज से यमुना में पिछले दिनों की तुलना में अधिक पानी छोड़ा जा रहा है। बृहस्पतिवार को अधिकतम 53787 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। पिछले दिनों प्रति घंटे औसत साढ़े तीन सौ क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। अधिक पानी छोड़े जाने से यमुना का जलस्तर बढ़ने की उम्मीद है।
मानसून के मौसम में भी यमुना में हथनी कुंड से कम मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा था। सिर्फ 27 जुलाई को अधिकतम 26192 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, लेकिन उसके बाद कमी आने लगी थी।बृहस्पतिवार को सुबह के समय 50 हजार क्यूसेक के लगभग पानी छोड़ा जा रहा था।
सुबह चार बजे 53787 क्यूसेक पानी छोड़ा गया
सबसे अधिक सुबह चार बजे 53787 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। उसके बाद उसमें कुछ कमी आने लगी। शाम के समय यह और कम हो गया। शाम लगभग पांच बजे 15 हजार क्यूसेक और सात बजे यह और कम होकर 5350 क्यूसेक रह गया।
पहले की तुलना में अधिक पानी छोड़ा जा रहा
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों में बुधवार से हो रही वर्षा के कारण हथनी कुंड बैराज से अब पहले की तुलना में अधिक पानी छोड़ा जा रहा है। अधिक पानी छोड़े जाने के बावजूद अभी बाढ़ का कोई खतरा नहीं है।
204.5 मीटर स्तर पहुंचने पर चेतावनी जारी की जाती
एक लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने पर यमुना का जल स्तर चेतावनी स्तर पर पहुंचता है। पुराना लोहा पुल के पास बृहस्पतिवार को पानी का स्तर 202.16 मीटर दर्ज हुआ। यहां पर पानी का स्तर 204.5 मीटर स्तर पहुंचने पर चेतावनी जारी की जाती है।

