आबकारी विभाग की टीम ने खजराना में दबिश देकर एक युवक को अवैध अंग्रेजी शराब का कारोबार करते हुए पकड़ा है। युवक के कब्जे से पुलिस ने 86 बोतल अवैध शराब जब्त की है, जो बस के जरिए शहर में लाई गई थी।
आबकारी विभाग के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से यह सूचना मिल रही थी कि इंदौर शहर में कुछ लोग मध्य प्रदेश से बाहर के राज्यों से शराब पार्सल के माध्यम से मंगवा कर सप्लाई कर रहे हैं। इस सूचना पर संज्ञान लेते हुए सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे द्वारा एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने इस तरह के शराब के खरीदी-बिक्री पर नजर रखी।
खजराना क्षेत्र स्थित ऑटो चालक शाहिद से शराब की खरीदी की गई, जो हाई रेंज की बीआईओ विदेशी मदिरा का विक्रय कर रहा था। टीम ने शाहिद पर निगरानी रखी और दिनांक 25 जुलाई 2024 को उसके द्वारा हाई रेंज की विदेशी मदिरा अपने घर में लाकर रखी होने की सूचना की पुष्टि होने पर उसके घर पर दबिश दी गई। वहाँ सफेद बोरी में पैक बंद पार्सल बरामद हुए, जिनमें कुल 86 बोतल शराब मिली। इनकी कीमत करीब 2.90 लाख रुपए है। खास बात यह है कि कुछ शराब की बोतलों पर हरियाणा की सील लगी हुई थी। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
