
इंदौर | शहर में कारों के कांच फोड़कर चोरी करने वाली गैंग ने आतंक मचा रखा है। दो दिन में 6 से ज्यादा ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। इसमें 12 लाख रुपयों से ज्यादा का माल जा चुका है। तुकोगंज पुलिस ने पकड़ में आए बदमाश से पूछा तो उसने बताया कि वह दूर से साइकिल के छर्रों से निशाना लगाकर कारों के कांच फोेड़ देता है। फिर बैग उठाकर भाग जाता है।
टीआई जितेंद्र यादव के अनुसार आरोपी का नाम लोगनादन (33) पिता नागराज लादन निवासी तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु है। इसे इलाके के एक रियल एस्टेट कारोबारी अंकित जैन निवासी दिल पसंद कॉलोनी ने मंगलवार रात पकड़ा है। आरोपी ने अंकित की कार का कांच फोड़कर लैपटॉप चुराया था। अंकित ने आसपास पूछताछ की तो उन्होंने एक बदमाश का हुलिया बताया। सीसीटीवी फुटेज देखने पर आरोपी का हुलिया पता चल गया। फिर पुलिस की मदद से उसे आसपास से ही पकड़ लिया गया। बदमाश ने कबूला कि वह साइकिल से छर्रों से कांच फोड़ता है। उधर, बदमाश के साथी मुत्थू स्वामी को पलासिया पुलिस ने दो दिन पहले ही पकड़ लिया था। उसने अपने किसी साथी का नाम नहीं कबूला।
