
अपने से दो साल छोटी लड़की से शादी की बात नहीं बनी तो 16 साल के लड़के ने बुधवार तड़के 4 बजे फांसी लगाकर जान दे दी। बेटे की जिद पर उसकी मां लड़की के घर बात करने गई थी। बेटे को समझाया भी था कि नाबालिग की शादी नहीं होती। एरोड्रम पुलिस के अनुसार मृतक का नाम हिमांशु पिता विशाल चौहान निवासी कृष्णबाग कॉलोनी है। परिजन ने बताया कि हिमांशु का इलाके में रहने वाली 14 साल की नाबालिग से अफेयर था। दोनों ने यह बात अपने घर बताई थी। हिमांशु के घर वालों ने कहा था कि अभी शादी की उम्र नहीं है, बालिग होने पर कर देंगे। मंगलवार को हिमांशु की मां लड़की के घर बात करने गई थी, इसके बाद लड़की को उसकी मां ने पीट दिया था। हालांकि मां ने यह बात किसी को बताई नहीं थी।
जिद देख, मां लड़की के घर बात करने भी गई थी
मंगलवार को हिमांशु को पता चला था कि उसकी मां लड़की के घर बात करने गई है। इसलिए वह काम से जल्दी लौट आया। उसने सभी के साथ भोजन किया फिर साथ में सो गया। बुधवार सुबह मां उठी तो वह फंदे पर दिखा। हिमांशु कपड़ा मार्केट की एक दुकान में काम करता था।
