इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध फायर आर्म्स की तस्करी करने वाले 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 5 अवैध देशी पिस्टल और 2 जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं।
इंदौर क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र की होटल श्याम वीला के पास, सरवटे बस स्टैंड पर 4 व्यक्ति फायर आर्म्स सप्लाई करने के लिए घूम रहे हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर 4 संदिग्धों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम साबिर, नवीन उर्फ तरुण, विकास उर्फ विक्कू, और संजीव बताया, जो सभी दिल्ली के सुलतान पुरी के निवासी हैं। तलाशी लेने पर उनके पास से 5 पिस्टल और 2 जिंदा राउंड मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे खरगोन के सिकलीकर से अवैध पिस्टल लाते थे। आरोपियों ने अब तक 2 दर्जन से अधिक अवैध हथियार दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, और पंजाब के विभिन्न जिलों में बेचने की बात स्वीकार की है। इंदौर शहर में हाल ही में हुए गोलीकांडों से भी इनका संबंध हो सकता है।
