
इंदौर के कनाडिया में 15 साल 9 माह की नाबालिग ने पड़ोस में रहने वाले युवक पर रेप का केस दर्ज कराया है। आरोपी दो साल से पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। उसकी हरकत से परेशान होकर पीड़िता ने माता-पिता से उसकी शादी कराने के लिए कहा था। मां ने रिश्ता ढूंढा और सगाई करने जब परिवार के लोग राजस्थान पहुंचे तो आरोपी ने ही शादी रोकने चाइल्ड लाइन से बाल विवाह की शिकायत कर दी।
इसके बाद इंदौर बाल कल्याण की टीम ने राजस्थान चाइल्ड लाइन से संपर्क किया। राजस्थान में टीम वर पक्ष के घर पहुंची। बाद में मामला इंदौर ट्रांसफर हुआ तब रेप और ब्लैकमेल की सच्चाई सामने आई।चाइल्ड लाइन टीम से पीड़िता ने कहा कि वह तो बालिग होने पर ही शादी करती। लेकिन आरोपी लगातार उसका शोषण कर रहा था। इससे परेशान होकर परिवार को शादी कराने के लिए कहा था।
पढ़िए पीड़िता ने जो पुलिस को बताया…
कनाड़िया पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि, वह 10वीं तक पढ़ी है। दो साल पहले कनाड़िया इलाके की एक बिल्डिंग में रहते थे। यहां ऊपर के फ्लोर पर आरोपी रहता था। लिफ्ट में आने-जाने के दौरान उससे बातचीत होने लगी। फिर उसने मोबाइल नंबर ले लिया। पीड़िता के पास मोबाइल नहीं था, लेकिन मां का मोबाइल घर पर ही रहता था। दोनों के बीच एक दो बार वीडियो कॉल पर बात हुई। आरोपी ने वीडियो कॉल के स्क्रीन शॉट ले लिए और ब्लैकमेल करने लगा। कहता था कि बात नहीं करेगी तो सबको बता दूंगा कि हमारा अफेयर है। आरोपी कहता था कि वह उसे पंसद करता है। लेकिन पीड़िता ने इस बात से इनकार कर दिया। तब आरोपी ने धमकी देते हुए कहा था कि खुद मर जाऊंगा और तुम्हें भी मार दूंगा। इन सब बातों से डर के चलते पीड़िता उससे बात करने लगी।
