
इंदौर शहर में पुलिस की कार्यप्रणाली की समय-समय पर समीक्षा के निर्देश पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री राकेश गुप्ता द्वारा अधीनस्थ वरिष्ठ अधिकारियों को दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के तारतम्य में पुलिस थाने की कार्यप्रणाली के परीक्षण हेतु दिनांक – 09 जून 2024 देर रात पुलिस उपायुक्त ज़ोन-2 श्री अभिनय विश्वकर्मा द्वारा कनाड़िया थाने का औचक निरीक्षण किया गया l निरीक्षण के दौरान अपराध रजिस्टर , वारंट की तामिली, फरियादियों का एमएलसी रजिस्टर, गुंडा फाइल, निगरानी बदमाश फाइल, विवेचकगण की केस डायरी , मर्ग डायरी का बारीकी से परीक्षण किया तथा अच्छा काम पाए जाने पर दो अधिकारियों को इनाम दिया एवं कार्य में लापरवाही बरतने पर कुछ अधिकारी/कर्मचारियों को कारण बताओ सूचना पत्र भी जारी किए गएl
औचक निरीक्षण के दौरान थाने पर उपस्थित फरियादियों की सुनवाई की , हवालात , माल खाना चेक किया तथा ड्यूटी के दौरान उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों से राइफल /पिस्टल का खोलना जोड़ना भी चेक किया गया। सही कार्यवाही करने पर प्रोत्साहित किया तथा जो कार्यवाही नहीं कर पाए उन्हें हिदायत दी गई l गुंडो एवं निगरानी बदमाश की गुजर बसर चेक करने में अधिकारियों द्वारा जारी दर्ज रिपोर्ट को चेक किया गया तथा जो निष्क्रिय गुंडा / निगरानी बदमाशों का वर्ग बदलने तथा सक्रिय गुंडे – निगरानी बदमाशों की फ़ाइल खोलने के निर्देश दिए गये एवं गैंग हिस्ट्री शीट बदमाशों की फ़ाइल खोलने के भी निर्देश दिए गये l
आकस्मिक निरीक्षण के दौरान थाने की कार्यवाही एवं कार्यप्रणाली को 2 घंटे से अधिक समय तक चेक किया गया l औचक निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री अमरेंद्र सिंह एवं थाना प्रभारी कनाड़िया श्री केपी यादव सहित स्टाफ उपस्थित रहा l
