
नगर निगम में हुए करोड़ों के फर्जी बिल घोटाले में एमजी रोड पुलिस ने शुक्रवार को निगम की ऑडिट शाखा से जुड़े दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक अधिकारी को भोपाल से व दूसरे को इंदौर से पकड़ा है। इसके अलावा दोबारा पुलिस रिमांड पर आए मुख्य आरोपी और निलंबित ईई अभय राठौर को टीम ट्रेंचिंग ग्राउंड स्थित निगम कार्यालय पर लेकर पहुंची। बताते हैं यहां बिना हथकड़ी आरोपी के साथ पुलिस ने निरीक्षण कर जानकारियां जुटाईं। यहां राठौर कई निगमकर्मियों से मुलाकात करता दिखा।
टीआई विजय सिसोदिया ने बताया घोटाले को लेकर राठौर के संपर्क में रहने वाले ऑडिट शाखा के दो अधिकारियों समर सिंह पिता रणजीत सिंह परमार निवासी जानकी नगर एक्सटेशन (पोस्ट संचालक, स्थानीय निधि समपरिक्षा प्रकोष्ठ भोपाल सतपुड़ा भवन थर्ड फ्लोर खंड ख) और डिप्टी डायरेक्टर ऑडिट आवासीय समपरिक्षा स्थानीय निधि समपरिक्षा नगर निगम रामेश्वर पिता बाबूलाल परमार निवासी गुरु चरण अपार्टमेंट ग्रेटर तिरुपति को गिरफ्तार किया। ये वर्तमान में स्थानीय निधि समपरीक्षा नगर निगम इंदौर में कार्यरत हैं। दोनों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। घोटाले में ये दोनों भी शामिल थे। साक्ष्य सामने आने के बाद इनकी गिरफ्तारी ली है।
