
इंदौर। मारपीट और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान महिला द्वारा तलाक का केस लगाने पर पति ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपित ने महिला के चेहरे पर चाकू से कई बार हमला बोला और एसिड डालकर जला दिया। महिला की हालत गंभीर है। आरोपित के खिलाफ प्राणघातक हमले का केस दर्ज किया गया है। विजयनगर टीआइ सीबी सिंह के मुताबिक आरोपित मोनू रघुवंशी थाना के सामने स्थित शगुन आर्केड में गार्ड की नौकरी करता है। मूलत: अशोकनगर (गुना) निवासी मोनू एमआर-10 (हीरानगर) में रहता है। आरोपित का पत्नी हेमलता से विवाद चल रहा था। शराब पीकर मारपीट करने के कारण हेमलता 12 मई को मां के पास पंचवावड़ी अशोकनगर चली गई थी। परेशान होकर उसने मोनू से अलग होने के लिए तलाक की अर्जी दायर कर दी। मोनू ने उसे समझाया और कहा कि अब कभी मारपीट नहीं करेगा। उसने यह भी कहा कि बगैर बताए जाने के कारण हीरानगर थाना में गुमशुदगी दर्ज करवा दी थी। लौट कर आने पर झगड़ा नहीं करेगा और गुमशुदगी भी कटवा देगा।
इस तरह झांसेबाजी कर मोनू ने हेमलता को इंदौर बुला लिया। टीआइ के मुताबिक रविवार को मोनू ने उसे शगुन आर्केड में बुलाया और सातवीं मंजिल पर ले जाकर साथ रहने के बारे में पूछा। हेमलता द्वारा इन्कार करने पर मोनू ने चाकू से चेहरे पर वार करना शुरू कर दिया।
सिर पर एसिड की बोतल डाल दी और आग लगाकर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल हेमलता को लोगों ने निजी अस्पताल भिजवाया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और कथन दर्ज कर मोनू के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया।
