
इंदौर के चंदन नगर इलाके में रहने वाली महिला ने सेन्ट्रल कोतवाली थाने में रेप और धोखे से एबॉर्शन कराने की शिकायत की है। आरोपी ने महिला को जान से मारने की कोशिश भी की। महिला पहले पति को तलाक दे चुकी है। लव अफेयर के बाद दूसरी शादी कर दूसरे पति को भी छोड़ चुकी है। आरोपी ने महिला के अकेलेपन का फायदा उठाया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पढ़िए अपनी शिकायत में महिला ने पुलिस को घटनाक्रम का जो ब्योरा दिया…
सेन्ट्रल कोतवाली थाने में 23 साल की वर्ग विशेष की महिला ने अरशद कुरैशी के खिलाफ रेप करने और एबॉर्शन कराने का केस दर्ज कराया है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि, मेरा नाबालिग उम्र में ही निकाह हो गया था। पहले पति से पांच साल पहले तलाक हो गया। उससे मेरे तीन बच्चे हैं।
तलाक के बाद दो साल पहले मैंने लव मैरिज कर ली। डेढ़ साल तक मेरे और दूसरे पति के बीच सब कुछ ठीक रहा। दूसरे पति ने अपने दोस्त अरशद से जान-पहचान कराई थी। कुछ समय बाद दूसरे पति ने भी मुझे छोड़ दिया। मैं अकेली रहती हूं, तो अरशद कभी-कभी हाल चाल पूछ लेता था।
इसके चलते हम दोनों में दोस्ती हो गई। फिर रोज बातचीत भी होने लगी। अरशद मुझसे रोज मिलने लगा। एक दिन अरशद ने मिलने के लिए रानीपुरा इलाके में स्थित उसके घर पर बुलाया। यहां कहने लगा कि वह मुझे पसंद करता है और निकाह करना चाहता है।
इसके बाद उसने मेरे साथ संबंध बनाए। मैंने भी उसकी बात मान ली। अरशद ने कहा कि इलाके में ही मकान दिला देता हूं। मैं यहीं रहूंगी तो वह अच्छे से देखरेख कर सकेगा। अरशद ने मुझे यहां किराए पर कमरा दिलाया। 6-7 महीने अपने साथ रखा और निकाह का झांसा देकर कई बार संबंध बनाए।
कुछ दिन पहले मैं प्रेग्नेंट हो गई। अरशद को बताया कि मेरे पेट में उसका बच्चा है। उससे निकाह करने के लिए कहा तो वह नाराज हो गया और मेरे साथ मारपीट की। निकाह करने से इनकार करते हुए उसने मुझे धमकी दी कि अगर यह बात किसी को बताई तो ठीक नहीं होगा।
प्रेग्नेंसी के चलते मारपीट के कारण मेरी तबीयत खराब हो गई। मुझे इलाज कराने के लिए एमटीएच हॉस्पिटल में भर्ती होना पड़ा। अरशद मुझसे मिलने हॉस्पिटल में आया और एक दवाई देकर कहा कि इसे खा लो। इससे तुम्हारी तबीयत ठीक हो जाएगी। मैंने दवाई खा ली। लेकिन आधे घंटे बाद पेट में बहुत दर्द हुआ और ब्लीडिंग शुरू हो गई। इसके बाद मुझे पता चला कि वह टैबलेट एबॉर्शनकी थी। अरशद ने पहले भी इस तरह की दवाई देने की कोशिश की थी। जिसे मैंने खाने से इनकार कर दिया था।
अरशद द्वारा धोखे से दी गई दवाई से एबॉर्शन होने के बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस में की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

