
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार के नंबर निकाले और देवास से आरोपित को पकड़ लिया।
इंदौर। हिट एंड रन के मुलजिम को पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपित ने एक रैपिडो चालक की जान ली थी। पिता-पुत्रों को जख्मी कर दिया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार के नंबर निकाले और देवास से आरोपित को पकड़ लिया। लसूड़िया थाना प्रभारी तारेश सोनी के मुताबिक, विशाल सोलंकी निवासी शिखरजी धाम कालोनी बावड़िया जिला देवास है। वह निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर है। पुलिस ने गुरुवार को कार सहित पकड़ लिया।
देवास नाका से टक्कर मारते हुए भागा था आरोपित
विशाल ने टक्कर मारने की शुरुआत देवास नाका से की। सबसे पहले बाइक सवार लालूराम और उसके बेटे करन को टक्कर मारी। दोनों को घायल छोड़कर एबी रोड़ पर भागा। महिंद्रा कार शोरूम के सामने उसने रैपिडो चालक रतन सूर्यवंशी को टक्कर मारी। रतन बुकिंग आर्डर के लिए खड़ा था।
कार ने उसे करीब 20 फीट तक घसीटा। वह उछला और खंबे से टकराया। उसका हेलमेट निकल गया और सिर में गहरी चोट आई। कार वाला इसके बाद भी नहीं रुका। पुलिस ने कई जगहों के फुटेज निकाले और सफेद रंग की कार चिन्हित की। गुरुवार को उसके नंबर ढूंढकर देवास से विशाल को पकड़ लिया।
