
इंदौर क्राइम ब्रांच ने आरोपित को पकड़ा। उस पर हत्या की कोशिश, अवैध वसूली, लूट और अवैध हथियारों के कई प्रकरण दर्ज हैं।
इंदौर। क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय चोर गैंग के सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो लग्जरी कार लेकर चोरी करने जाता था। आरोपित की मुलाकात बदमाशों से लखनऊ की जेल में हुई थी। आरोपित ने इंदौर के महालक्ष्मी नगर स्थित सूने प्लैटों में चोरी करना कबूला है। लसूड़िया थाना पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित नवीन मनोज कश्यप निवासी सिंगापुर मॉल के सामने लखनऊ है। आरोपित ने पिछले दिनों गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर सिमरन साइन अपार्टमेंट के सूने फ्लैटों में चोरी की थी। मूलत: पेंजनिया लोरमी जिला मुंगेली (छत्तीसगढ़) निवासी नवीन के विरुद्ध हत्या की कोशिश, अवैध वसूली, लूट और अवैध हथियारों के प्रकरण दर्ज हैं।
हरियाणा के बदमाशों से जुड़ा है आरोपित
पूछताछ में नवीन ने बताया कि वह हरियाणा के बदमाशों से जु़ड़ा है। उनसे जेल में बंद होने के दौरान मुलाकात हुई थी। गैंग के सदस्य लग्जरी कार लेकर चोरी करने जाते हैं। एक सदस्य कार में ही रैकी करता है। बाकी सदस्य चोरी करते है। लसूड़िया थाना पुलिस के मुताबिक, नवीन को दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
