
बुकिंग के वक्त लोकेशन शेयर हुई थी, मदद मांगने के बहाने घर जाकर लूटा। पुलिस ने देर रात ही ढूंढ निकाला।
इंदौर। लसूड़िया थाना पुलिस ने रैपिडो ब्वाय और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने साफ्टवेयर इंजीनियर को लूटा था। मदद मांगने के बहाने घर में घुसे और लैपटाप व मोबाइल लेकर भाग गए थे। आरोपितों को मोबाइल नंबर के आधार पुलिस ने देर रात ढूंढा और केस दर्ज कर लिया।
मूलत: अगरतला (त्रिपुरा) निवासी राजशेखर रामपद दत्त साफ्टवेयर इंजीनियर हैं और बापजी नगर में किराए से रहते हैं। सात अप्रैल को तड़के करीब चार बजे दोनों बदमाश जबरदस्ती रूम में घुसे और हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। बिस्तर पर रखा दूसरा मोबाइल और लैपटाप, माउस, चार्जर भी उठा लिया।
पहले कॉल कर 50 रुपये मांगे
राजशेखर ने पुलिस को बताया कि तीन दिन पूर्व विजय नगर के लिए रैपिडो टैक्सी बुक की थी। हालांकि किराया अधिक होने से बुकिंग निरस्त कर दी। चालक के पास उनका मोबाइल नंबर और लोकेशन पहुंच गई थी। एक युवक ने राजशेखर को कॉल कर कहा कि उसे 50 रुपये की आवश्यकता है। उन्होंने जरूरतमंद समझकर रुपये ट्रांसफर कर दिए।
मदद के नाम पर लूट लिया
दूसरे दिन आरोपित लोकेशन अनुसार राजशेखर के घर जा पहुंचा। कॉल कर कहा कि उसे मदद चाहिए। राजशेखर ने दरवाजा खोला तो पानी मांगा। पानी पीकर चले गया, लेकिन फिर साथी को लेकर आया और धक्का-मुक्की कर लूट लिया। आरोपित ने रैकी कर लूट की है। राजशेखर ने रैपिडो कंपनी को शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं की। बुधवार को पुलिस ने एफआइआर दर्ज की और दोनों आरोपितों को पकड़ लिया।
