
लगातर कार्रवाई के बाद भी लगातार हो रहा अवैध खनन। जिले में विगत दिनों भी जेसीबी, पोकलेन मशीन की जा चुकी जब्त।
इंदौर। जिले में लगातार अवैध उत्खनन के मामले सामने आ रहे हैं। बिना अनुमति के अवैध रूप से खोदाई कर पहाड़ी और शासकीय जमीन को छलनी किया जा रहा है। बुधवार को खनिज विभाग ने अवैध खनन करते पाए जाने पर दो जेसीबी और दो डंपर जब्त किए गए। खनन का आकलन कर खनिज विभाग अब पेनाल्टी लगएगा।निज प्रशासन के उपसंचालक धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि कलेक्टर आशीष सिह के निर्देश पर इंदौर ज़िले में खनिजो के अवेध उत्खनन परिवहन पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को खनिज अमले द्वारा ग्राम हासलपुर तहसील महू एवं ग्राम मानपुर तहसील महू में कार्रवाई की गई। यहां खनिज मुरम के अवैध उत्खनन में संलिप्त दो जेसीबी मशीन एवं दो डंपरो को जब्त किया गया। सभी वाहनों को थाना मानपुर की अभिरक्षा में दिया गया है। इन सभी वाहनों पर मप्र (अवेध खनन परिवहन और भंडारण) का निवारण नियम 2022 के तहत अर्थदंड आरोपित करने की कार्यवाही की जाएगी। इस कार्रवाई में जयदीप नामदेव सहायक खनिज अधिकारी इंदौर और होमगार्ड के जवान शामिल थे।
सांवेर रोड पर भी हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले इंदौर के सांवेर रोड पर जैतपुरा की पहाड़ी और अन्य स्थानों पर अवैध उत्खनन की कार्रवाई हो चुकी है। जैतपुरा की पहाड़ी पर ब्लास्टिंग कर खोदाई करने की शिकायत रहवासियों द्रारा कलेक्टर को की गई थी। इसके बाद प्रशासन और खनिज विभाग की टीम ने दबिश देकर कार्रवाई की। यहां से बाद में भी अवैध खोदाई करते पाए जाने पर पोकलेन मशीन और डंपर जब्त किए जा चुके हैं।
