इंदौर के प्रेस्टीज कॉलेज में शुक्रवार रात छात्रों के बीच दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इसका वीडियो शनिवार को सामने आया है। मारपीट के चलते दो घायल हो गए। इनमें से एक छात्र की हालत गंभीर है। उसका सिर फट गया। अन्य छात्रों को चोटें आने की सूचना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि लाभ गंगा गार्डन में प्रेस्टीज कॉलेज का ‘मंथन’ नाम से इवेंट हुआ था। इवेंट में कॉलेज के अंडर ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्सेस के सभी छात्र-छात्राएं मौजूद थे। छात्रों ने बाकायदा पास भी दिए गए थे, लेकिन बाहरी लोग भी आ गए। इससे विवाद हो गया। कुर्सियां फेंकी गई, डस्टबिन तोड़फोड़ दिए गए। वहां पर कॉलेज की कई फैकल्टीज मौजूद थीं। उनके सामने हंगामा होता रहा। रात तक छात्र एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहे और झगड़ते रहे।
आदित्यसिंह नामक छात्र की आंख में और छवि यादव को सिर पर गंभीर चोट आई बताई है। दोनों अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और इवेंट बंद करवाया। पुलिस आरोपियों को पकड़ती लेकिन उसके पहले सभी आरोपी भाग निकले।
मारपीट की शुरुआत मामूली कहासुनी को लेकर हुई। आरोपी छात्रों ने लोहे के डस्टबीन मार-मार कर छात्रों को घायल कर दिया। विवाद के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इंदौर ने इवेंट पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रशासन और कॉलेज मैनेजमेंट से इस इवेंट के नाम पर हुड़दंग को बंद करने की मांग की है।

