
- लूट, सुबह सैर करने निकले एएसआइ को कार सवार बदमाश लूटकर भागे।
- नागा साधु के वेश में आए बदमाश ने एएसआइ को चमत्कार बताए और आशीर्वाद के लिए करीब बुलाया।
- एएसआइ जैसे ही झुके, बदमाश चेन लूट कर फरार हो गए।
- तिलक नगर और अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।
इंदौर। लुटेरों ने सहायक उपनिरीक्षक (एएसआइ) को नई तरकीब से लूटा। नागा साधु के वेश में आए बदमाश ने एएसआइ को चमत्कार बताए और आशीर्वाद के लिए करीब बुलाया। एएसआइ जैसे ही झुके, बदमाश चेन लूट कर फरार हो गए। पुलिस को कार के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। तिलक नगर और अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।
घटना एरोड्रम थाना क्षेत्र के शिक्षक नगर की है। फरियादी एएसआइ गोपाल बर्डे पुलिस रेडियो में पदस्थ हैं। प्रतिदिन की तरह बुधवार को भी वे सैर करने गए थे। जैसे ही दोपहिया वाहन शोरूम के समीप पहुंचे, सफेद रंग की एक कार उनके पास आकर रुकी। चालक के बगल में भस्म लगाकर नागा साधु में एक बदमाश बैठा हुआ था। उसने शिव मंदिर का पता पूछा और करीब बुलाया।
एएसआइ से बातें की और चमत्कार कर रुद्राक्ष निकाल कर दिया। साधु ने घड़ी को भी अभिमंत्रित किया। एएसआइ साधु के सम्मान में पैर पड़ने के लिए कार की खिड़की में झुके तो झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली। उन्होंने शोर भी मचाया, लेकिन आरोपित फरार हो गए। दोपहर को थाने पहुंचे और लूट की एफआइआर दर्ज करवाई। इसके पूर्व भी अन्नपूर्णा और तिलक नगर थाना क्षेत्र में कार सवार बदमाश पता पूछने के बहाने लूट कर चुके हैं।
लूट के चार फोन बरामद
अपराध शाखा ने शातिर बदमाश आकाश उर्फ गप्पू निवासी नरीमन सिटी छोटा बांगड़दा को गिरफ्तार किया है। आरोपित राहगीरों से फोन लूटता था। पुलिस ने गप्पू से चार मोबाइल बरामद किए हैं। एडिशनल डीसीपी (अपराध) के अनुसार आरोपित के विरुद्ध डकैती, लूट, मारपीट के कई अपराध दर्ज हैं।
