इंदौर सांसद और भाजपा के प्रत्याशी शंकर लालवानी ने प्रेस क्लब में आयोजित चाय पर चर्चा कार्यक्रम में हिस्सा लिया, और आने वाले पच्चीस सालों में इंदौर का कैसे विकास किया जाएगा इसका रोड मैप पत्रकारों के सामने पेश किया, उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा इंदौर की दी गई सौगातों के बारे में भी जानकारी दी। अपनी जीत के प्रति आश्वस्त लालवानी ने इंफ्रास्ट्रक्चर रेल और इंटरनेशनल फ्लाईट से सीधे इंदौर को जोड़े जाने और नए विकास कार्यों की जानकारी भी दी।
इंदौर सांसद शंकर लालवानी ने चाय पर चर्चा करते हुए इंदौर से खंडवा होते हुए बुरहानपुर से होते हुए हैदराबाद तक की कनेक्टिविटी की जानकारी दी उन्होंने कहा कि यह रोड आने वाले एक साल में पूरा हो जाएगा। वहीं उन्होंने उज्जैन झालावाड़ होकर जयपुर के रास्ते दिल्ली तक की सड़कों के जाल की जानकारी दी और बताया कि जल्द ही उज्जैन रोड सिक्स लेन में बदलेगा और सिंहस्थ महापर्व 2028 में इस सड़क से आम जनता को फायदा होगा। वहीं लालवानी ने एयर कनेक्टिविटी के माध्यम से तीन अंतर्राष्ट्रीय फ्लाईट की जानकारी दी और बताया कि विश्व की बड़ी कंपनियां कार्गो के साथ इंटरनेशनल कनेक्टिविटी तलाश करती हैं और इंदौर इस मामले में काफी आगे निकल चुका है और आने वाले समय में इंदौर एयरपोर्ट पर तीस से ज्यादा प्लेन पार्क किए जा सकेंगे। वहीं उन्होंने इंदौर शहर के ट्रैफिक की समस्या पर भी चर्चा की साथ ही कहा कि प्रदेश सरकार और पुलिस कमिश्नर के साथ मिलकर इस समस्या पर चर्चा की जा रही है और ट्रैफिक प्लान आने वाले 25 सालो के लिए बनाया जा रहा है। वहीं उन्होंने शहर के दो लाख लोगों के जनसहयोग से किए गए हेल्थ सर्वे के आधार पर केंद्र सरकार द्वारा नई मेडिकल नीति बनाए जाने की भी जानकारी दी।लालवानी ने इंदौर शहर के बीच से गुजरने वाली मेट्रो ट्रेन के प्रोजेक्ट को लेकर लोगों के बीच हो रही चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि शहर के पौराणिक महत्व को देखते हुए नया प्रस्ताव बनाया गया है और दूसरे फेज में मेट्रो को शहर के बाहरी हिस्सों से होकर निकाला जाएगा।
