
- बस में सवार करीब 11 यात्री घायल हो गए, इनमें से चार को अधिक चोट आई है। बस टकराने के बाद मौके पर यात्रियों की चीख पुकार मच गई।
- देर रात करीब 2:30 बजे सोनकच्छ बायपास पर बिजासन माता मंदिर के पास हुआ हादसा
- जोरदार टक्कर से बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
- बस में सवार करीब 11 यात्री घायल हो गए
इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर सड़क हादसों के लिहाज से डेंजर जोन में शामिल सोनकच्छ बायपास क्षेत्र में बिजासन माता मंदिर के पास शनिवार देर रात करीब 2.30 बजे सड़क हादसा हो गया। भोपाल से इंदौर की ओर जा रही यात्री बस यूपी 83बीटी 1016 ट्रक के पीछे से टकरा गई। जोरदार टक्कर से बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। बस में सवार करीब 11 यात्री घायल हो गए, इनमें से चार को अधिक चोट आई है। बस टकराने के बाद मौके पर यात्रियों की चीख पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस, डायल 100, एंबुलेंस वाहन मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। चार गंभीर को उपचार करके रेफर कर दिया, बाद में अन्य 7 भी रेफर किये गए। हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। जब बस टकराई तब अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि सोनकच्छ बायपास और उसके आसपास के कुछ किलोमीटर के दायरे में सड़क हादसों के करीब तीन से चार डेंजर जोन है जहां पर आए दिन हादसे होते हैं और बसे भी पलटती रहती है।
ये हुए घायल
शासकीय अस्पताल सोनकच्छ से मिली जानकारी के अनुसार अस्मिता व हेमपुष्पा निवासी नागपुर, ओमकार निवासी शाहपुरा डिंडोरी, 2 साल का शिवांश पिता राजेश निवासी खुरई सागर, अब्दुल निवासी कानपुर, दयाराम निवासी पथरिया सागर, अशोक बागवान निवासी आष्टा, रामचरण निवासी रीवा, संतोष निवासी आष्टा, रेशमा निवासी रायसेन आदि घायल हुए। इनमें से शिवांश और ओमकार को देवास रेफर किया गया है जबकि अश्विता और हेमपुष्पा को उनके स्वजन भोपाल ले गए हैं।
